भिलाई , 3 जुलाई , साईं झूलेलाल धाम 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड भिलाई में आदर्श सिंध ब्रादर मंडल एवं साईं झूलेलाल धाम महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में भारत देश के झूलेलाल मंदिरों में पहली बार शुकराना महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।जिसकी शुरुआत आज 03 जुलाई 2026 शुक्रवार को शाम 5 बजे से 06:30 बजे आयोजित किया जाएगा।जिसका समापन लगातार 40 शुक्रवारों तक प्रति शुक्रवार एक शुक्र झूलेलाल साईं को अर्पित कर 02 अप्रैल 2027 को झूलेलाल जयंती पर होगा।
कल कार्यक्रम की शुरुआत सुखमनी साहिब के पाठ से होगी।उसके बाद भागवत के एक पाठ का वाचन कर साईं झूलेलाल जी की आरती अरदास एवं पल्लव के साथ प्रभु का स्मरण कर भजनों से भक्ति रस में सराबोर होकर प्रभु के दिव्य आशीर्वाद से अपने जीवन को प्रभुमय बनाकर सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की जाएगी। और सिंधी समाज के कुल देवता पूज्य भगवान साईं श्री झूलेलाल जी द्वारा दी गई रहमतों,बक्शीशों और पावन आशीर्वाद से सुखमय मानव जीवन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाएगी। तत्पश्चात साईं झूलेलाल जी से विश्व कल्याण की अरदास की जाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर शुकराना महोत्सव पर प्रथम शुकराना 84 लाख योनियों के बाद अमोलक मानव जीवन के लिए साईं झूलेलाल के प्रति शुक्र अर्पित किया जाएगा।समाज की एकता एवं अखंडता को कायम रखने के लिए हर शुक्रवार को शाम के कार्यक्रमों में समाज के अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र कृष्णानी एवं महिला अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी नागदेव ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को उपस्थित होने की अपील की है। कार्यक्रम के समापन उपरांत भोग-प्रसाद, स्वल्पाहार का वितरण सभी श्रद्धालुओं में किया जाएगा।
