लखनऊ , 01 जुलाई, विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज होने लगी है। इसी कड़ी में जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया (जेपीआई) ने लखनऊ के यूपी प्रेस क्लब में प्रदेश स्तरीय अहम बैठक और सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित कर अपनी चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया।
कार्यक्रम में भाजपा, सपा, बसपा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जेपीआई की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया।

बैठक को संबोधित करते हुए शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है और एक नए राजनीतिक विकल्प की तलाश में है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की अधिकांश राजनीतिक पार्टियां जाति, पूंजी और परिवारवाद की राजनीति में उलझी हुई हैं, जिससे आम कार्यकर्ता और जनता खुद को उपेक्षित महसूस कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली संकट, तहसील-थानों में भ्रष्टाचार, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याएं, पेपर लीक, आस्था से जुड़े विवाद और हाल के बड़े हादसे मौजूदा व्यवस्था की विफलताओं को उजागर करते हैं। जनता अब पक्ष और विपक्ष के बीच बनाए गए “फर्जी नैरेटिव” को समझ चुकी है और उसे तोड़ने का मन बना चुकी है।
प्रेस वार्ता के दौरान जेपीआई प्रमुख ने दावा किया कि पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता और युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं और आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी।
उन्होंने पार्टी के प्रमुख एजेंडे भी गिनाए। इनमें आउटसोर्सिंग व्यवस्था में सुधार, शिक्षा और स्वास्थ्य के व्यवसायीकरण पर रोक, हर घर रोजगार योजना, प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को रोजगार या सरकारी नौकरी की गारंटी, महिला सशक्तिकरण, लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा, पत्रकारों, अधिवक्ताओं और बुजुर्गों के लिए निश्चित मानदेय की व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं को नि:शुल्क, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने, पेपर लीक मामलों में जवाबदेही तय करने, छात्रसंघ चुनाव और पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षामित्रों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, रोजगार सेवकों और अन्य संविदा कर्मियों की समस्याओं के समाधान को भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल बताया गया।

शशांक शेखर सिंह पुष्कर ने कहा कि जनसत्ता पार्टी ऑफ इंडिया उत्तर प्रदेश में पहली बार युवा नेतृत्व की सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और वर्ष 1977 जैसा राजनीतिक इतिहास दोहराया जाएगा।
बैठक में एडवोकेट संग्राम सिंह, डॉ. ए.के. राय, मनोज सिंह, अजमत उल्ला खान, रविंद्र सिंह, राधेश्याम बाजपेई, रामविलास साहू, अर्जुन सिंह, फिरोज खान, सीमा कुशवाहा, गीता मिश्रा, एडवोकेट जे.पी. सिंह, दुर्गेश कुमार, मोहम्मद अय्यूब, कुनाल दीक्षित, एडवोकेट संदीप वर्मा और अंश सिंह चौहान समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में किसान यूनियन के विपेंद्र सिंह, महिला मोर्चा की सुनीता बनर्जी, गीता मिश्रा, ममता कश्यप तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जॉय बनर्जी और अशोक पटेल सहित कई प्रमुख सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
