बिलासपुर, 30 जून , संकुल केंद्र तिफरा अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी/अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, प्राथमिक शाला तिफरा में नवीन शिक्षण सत्र के शुभारंभ के अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव एवं न्योता भोज का आयोजन अत्यंत उत्साह, गरिमा एवं आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का सम्मानपूर्वक स्वागत कर उन्हें विद्यालय से जोड़ना, शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करना तथा अभिभावकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. विश्वनाथ कश्यप रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में शैक्षिक समन्वयक तिफरा श्री सुनील कुमार पाण्डेय, शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सविता साहू, श्रीराम साहू, वरिष्ठ शिक्षक रंजीत बनर्जी, पार्षद सीमा संजय सिंह एवं प्रभारी प्रधान पाठक विश्वास शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पमाला एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

मुख्य अतिथि डॉ. विश्वनाथ कश्यप ने बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया तथा अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, विद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शैक्षिक समन्वयक सुनील कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित उपस्थिति, अनुशासित जीवन, स्वच्छता, समयपालन एवं उत्कृष्ट अध्ययन की आदत विकसित करने का आग्रह किया तथा अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
वरिष्ठ शिक्षक रंजीत बनर्जी ने विद्यार्थियों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों से बच्चों के लिए जूते-मोजे उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सविता साहू ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन एवं अनुशासित जीवन के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएँ दीं।
प्रवेश उत्सव के उपरांत विद्यालय में न्योता भोज का आयोजन भी किया गया। यह प्रेरणादायी पहल समाजसेवी संजय आयल सिंघानी के सौजन्य से संपन्न हुई। विद्यालय परिवार ने उनके इस सराहनीय सहयोग के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। न्योता भोज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों सहित सभी बच्चों, पालकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामाजिक समरसता एवं आत्मीयता का सुंदर संदेश दिया।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं आकर्षक संचालन कविता यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विशेष रूप से जोगेन्द्र सिंह हरबंश, श्रीमती राधा यादव, रंजना वाल्मीकि, आशा कश्यप, ममता शर्मा, श्री गणेशी कुर्रे, श्रीमती यशोदा कौशिक एवं प्रभारी प्रधान पाठक विश्वास शर्मा का उल्लेखनीय सहयोग रहा।
सम्पूर्ण कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह, अभिभावकों में संतोष तथा विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा का संचार स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। अंत में सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पुनः स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई तथा नवीन शिक्षण सत्र को उत्कृष्ट एवं सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
