मैहर, 03 जून , मैहर ब्लॉक कांग्रेस संगठन में इन दिनों असंतोष की स्थिति बनती नजर आ रही है। सरलानगर मंडलम अध्यक्ष पद पर की गई हालिया नियुक्ति के बाद संगठन के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी के वर्षों से सक्रिय जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी जा रही है, जिनका संबंध पूर्व में अन्य राजनीतिक दलों से भी रहा है। इस निर्णय से संगठन के भीतर नाराजगी और असंतोष बढ़ता दिखाई दे रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि जो लोग लगातार पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं, उन्हें दरकिनार किया जाना संगठन के लिए सही संकेत नहीं है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित होने की बात भी कही जा रही है। इस पूरे मामले को लेकर जिला और ब्लॉक नेतृत्व की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा है कि यदि इसी तरह संगठनात्मक फैसले लिए जाते रहे तो इसका असर पार्टी की जमीनी पकड़ पर पड़ सकता है। अब सभी की निगाहें प्रदेश नेतृत्व पर टिकी हैं कि वह इस मामले को किस तरह संज्ञान में लेता है और संगठन में उठे असंतोष को कैसे दूर करता है।
