बीजापुर , 27 मई , भारत सरकार, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले “प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार ( PMRBP )” हेतु वर्ष 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। बीजापुर के कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन में जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा जिले के प्रतिभावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों के नामांकन हेतु विभाग प्रमुख को निर्देश दिए है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार ( Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2026 ) उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने बहादुरी, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं तथा समाज में प्रेरणादायी योगदान दिया है।
Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2026 : जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी विभागों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामाजिक संस्थाओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की गई है कि वे ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान कर उनके नामांकन सुनिश्चित करें, ताकि जिले के होनहार बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से 01 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक आवेदक अथवा संस्थाएं भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पुरस्कार हेतु पात्रता के अनुसार आवेदक भारतीय नागरिक एवं भारत का निवासी होना चाहिए तथा उसकी आयु 5 वर्ष से अधिक एवं 18 वर्ष से कम (31 जुलाई 2026 तक) होनी चाहिए। संबंधित उपलब्धि पिछले दो वर्षों के भीतर की होनी आवश्यक है।
Pradhan Mantri Rashtriya Bal Puraskar 2026 : जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, बीजापुर ने बताया कि यह पुरस्कार बच्चों की प्रतिभा, नवाचार, साहस एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। जिले के अधिक से अधिक योग्य बच्चों के नामांकन के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता की अपेक्षा की गई है।
