- पूर्व प्रेषित ज्ञापन दिनांक 25 मार्च, 30 मार्च, 8 अप्रैल एवं 2 मई, 2026 की मांगों पर जिला विद्यालय निरीक्षक एवं लेखाधिकारी से संगठन के पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक
लखनऊ , 18 मई , उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक उपाध्यक्ष/प्रवक्ता एवं जिला संरक्षक डा. आर.पी. मिश्र के नेतृत्व में संगठन के सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में संगठन के महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, प्रदेशीय मंत्री डा. आर.के. त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा, जिलामंत्री महेश चन्द्र, सदस्य राज्य परिषद विश्वजीत सिंह, कोषाध्यक्ष आर.पी. सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार एवं लेखाधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह से जनपदीय समस्याओं से सम्बंधित पूर्व में प्रेषित ज्ञापन दिनांक 25.मार्च, 30 मार्च, 08 अप्रैल एंव 02मई, 2026 को प्रेषित ज्ञापनों पर दिनांक 16 मई 2026 को विस्तृत रूप से वार्ता की।
वार्ता में जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने आश्वस्त करते हुए कहा कि अवशेष एवं अन्य प्रकारों पर लगाई गई आपत्तियों की सूची जिला संगठन को दी जाएगी तथा अभियान चलाकर विद्यालयों में लंबित प्रकरणों को एक सप्ताह में मंगा कर विद्यालयवार निस्तारण किया जाएगा।
समीक्षा बैठक के प्रमुख निर्णय:
जिला संगठन द्वारा प्रेषित सूची के अनुसार जिन शिक्षक/शिक्षिकाओं के विभिन्न प्रकार के अवशेषों की पत्रावलियां कार्यालय में उपलब्ध नहीं है, पत्र जारी कर उन्हें विद्यालयों से मंगवाया जाएगा।
बालक एवं बालिका विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के प्रोन्नत वेतनमान प्रकरणों की स्वीकृत हेतु निम्नवत तिथियां निर्धारित की गई :-
1- बालक विद्यालयों की बैठक दिनांक 20 मई, 2026।
2- बालिका विद्यालयों की बैठक दिनांक 21 मई, 2026।
जिला संगठन के अनुरोध पर जिला विद्यालय निरीक्षक एवं लेखाधिकारी ने 31 मई तक उनके कार्यालय में लंबित सभी प्रोन्नत वेतनमान प्रकरणों को स्वीकृत किए जाने हेतु आश्वस्त किया।
आमेलित विषय विशेषज्ञो के पुरानी पेंशन के विकल्प पत्रो को स्वीकृति हेतु शीघ्र ही निदेशालय प्रयागराज भेजा जाएगा।
जिला संगठन की मांग पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने आयकर फार्म -16 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराने हेतु आश्वस्त किया तथा बताया कि इसके लिए निदेशालय से धनावंटन प्राप्त हो चुका है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि ज्ञापन की मांगों पर कार्रवाई की जा रही है। अन्य समस्याओं के लिए जिला संघठन के पदाधिकारियों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक एवं लेखाधिकारी की 20 मई, 2026 के तत्काल बाद समीक्षा बैठक होगी।
जो शिक्षक एवं शिक्षिकाए 01अप्रैल, 2024 से 31मार्च, 2026 के मध्य सेवानिवृत्त हो चुके हैं उनकी सामूहिक बीमा की चेक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मंगवा ले। उन शिक्षक एवं शिक्षिकाओं की सूची भी दी गयी है।

इसी के साथ जिला संगठन ने नेशनल इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति द्वारा विद्यालय में दुकानों एवं खेल के मैदान का व्यवसायिक उपयोग किए जाने संबंधी विद्यालय इकाई के पत्र को जिला विद्यालय निरीक्षक को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जिला विद्यालय निरीक्षक ने तत्काल विद्यालय प्रबंधन को पत्र जारी कर आवश्यक कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया।
