रायपुर , 23 मार्च , भाटापारा शहर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ समाजसेवी एवं चिकित्सक डॉ. वासुदेव ठाकुर पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे भाटापारा के प्रेम प्रकाश मंडल के अध्यक्ष के रूप में समाज सेवा का अद्वितीय कार्य कर रहे हैं।
प्रेम प्रकाश मंडल समिति के माध्यम से वे रेलवे स्टेशन परिसर में प्रतिदिन जरूरतमंद और गरीब लोगों को निशुल्क भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। चिकित्सा सेवा के अपने लंबे कार्यकाल में डॉ. ठाकुर ने न केवल गरीबों का मुफ्त इलाज किया, बल्कि उन्हें निशुल्क दवाइयां भी प्रदान कीं। उनका जीवन सिद्धांत स्पष्ट है—बिना पैसे के जरूरतमंदों की सेवा करना ही सच्ची मानव सेवा है।
डॉ. वासुदेव ठाकुर ने कुंभ मेले में भी प्रेम प्रकाश मंडल के तत्वावधान में लगातार एक महीने तक शिविर लगाकर सेवा कार्य किया है। भाटापारा के सिंधी समाज सहित अन्य सभी समाजों में उनका विशेष सम्मान है और लोग आदरपूर्वक उनका नाम लेते हैं। ऐसे सेवाभावी और समर्पित व्यक्तित्व डॉ. वासुदेव ठाकुर को आज हरिभूमि INH न्यूज़ अपने मंच के माध्यम से सम्मानित करता है और उनके सेवा कार्यों को नमन करता है।
