राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) – सात दिवसीय विशेष शिविर (द्वितीय दिवस)
लखनऊ , लखनऊ विश्वविद्यालयराष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का द्वितीय दिवस आज 24 फरवरी 2026 को फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ विश्वविद्यालय में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह शिविर माननीय अधिष्ठाता प्रो. एस. पी. सिंह के संरक्षण में संपन्न हो रहा है।
द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुई। सभी स्वयंसेवकों ने एक स्वर में “हम होंगे कामयाब” तथा “सारे जहाँ से अच्छा” गीत गाकर एकता, राष्ट्रप्रेम एवं सामूहिक भावना का परिचय दिया। सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया।
इसके उपरांत सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ करने से पहले इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता एवं इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खुशबू वर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया। उन्होंने सर्वेक्षण के उद्देश्य, उसकी आवश्यकता तथा समाज में जागरूकता फैलाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने स्वयंसेवकों को समझाया कि सर्वेक्षण के माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं—जैसे शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक मुद्दों—को समझा जा सकता है और उसी के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना बनाई जा सकती है।

इसके पश्चात दोनों इकाइयों के स्वयंसेवकों ने क्षेत्र में जाकर सर्वेक्षण किया। स्वयंसेवकों ने नागरिकों से संवाद स्थापित कर विभिन्न सामाजिक विषयों पर जानकारी एकत्रित की। इस गतिविधि ने स्वयंसेवकों में सामाजिक संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी की भावना को और सुदृढ़ किया। इस प्रकार सात दिवसीय विशेष शिविर का द्वितीय दिवस एकता, जागरूकता एवं सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
