लखनऊ , लखनऊ विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का प्रथम दिवस 23 फरवरी 2026 को फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, लखनऊ विश्वविद्यालय में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह शिविरअधिष्ठाता प्रो. एस. पी. सिंह के संरक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण एवं परिचय सत्र से हुई, जिसमें स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना का विस्तृत परिचय दिया गया। NSS के इतिहास, उद्देश्य एवं समाज में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला गया। स्वयंसेवकों को NSS का मूल मंत्र “स्वयं से पहले आप” (Not Me, But You) समझाया गया, जो निःस्वार्थ सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाता है।

इस अवसर पर NSS के प्रमुख उद्देश्यों जैसे सामुदायिक सेवा के माध्यम से व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता का विकास, अनुशासन, टीम भावना तथा सामाजिक जागरूकता पर विशेष चर्चा की गई। शिविर में इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता एवं इकाई-2 की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. खुशबू वर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए आगामी छह दिनों में आयोजित होने वाली गतिविधियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इन गतिविधियों में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, सर्वेक्षण, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर निर्माण, योग सत्र एवं विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। स्वयंसेवकों को समूहों में विभाजित कर उनकी जिम्मेदारियाँ भी निर्धारित की गईं।
कार्यक्रम के अंत में सभी स्वयंसेवकों ने NSS की शपथ ली और समाज सेवा, ईमानदारी एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
प्रथम दिवस के शिविर का समापन जोश एवं उत्साह के साथ आयोजित एकता यात्रा से हुआ। यह एकता यात्रा निम्न नारों के साथ संपन्न हुई—
• “स्वयंसेवा ही सच्ची देशसेवा है”
• “उठे समाज, बढ़े राष्ट्र”
• “युवा शक्ति – राष्ट्र शक्ति”
• “सेवा, समर्पण और संस्कार”
• “हम बदलेंगे – युग बदलेगा”

इन प्रेरणादायक नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति एवं सेवा भावना से गूंज उठा। एकता यात्रा के पश्चात सभी स्वयंसेवकों को सुखद अल्पाहार प्रदान किया गया। इस प्रकार सात दिवसीय विशेष शिविर का प्रथम दिवस उत्साह, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
