
- कार्यक्रम में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के उप निदेशक डॉ. अरिंदम सिंह और यूपी एड्स नियंत्रण सोसायटी की संयुक्त निदेशक डॉ. चित्रा सुरेश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
- रेड एफएम, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और यूपी राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी
के सहयोग से छात्रों में एड्स के बारे में जागरूकता पैदा की गई - प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर नसीम अहमद खान ने सभी अतिथियों व उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया।
लखनऊ, 05 अगस्त , रेड एफएम 93.5 ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन और यूपी राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के सहयोग से मुमताज़ पीजी कॉलेज ( Mumtaz Post Graduate College, Lucknow ) में एचआईवी/एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। “कनेक्ट टू एजुकेट” नामक इस कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकों, छात्रों और गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के उप निदेशक डॉ. अरिंदम सिंह और यूपी एड्स नियंत्रण सोसायटी की संयुक्त निदेशक डॉ. चित्रा सुरेश मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान एचआईवी/एड्स के बारे में छात्रों में जागरूकता, इससे बचाव के उपायों और इस बीमारी के बारे में खुलकर बातचीत की गई। डॉ. चित्रा सुरेश ने बताया कि एचआईवी/एड्स एक खतरनाक बीमारी है जो ह्यूमन इम्यूनोवायरस (HIV) के कारण होती है। यह वायरस इंसान के रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देता है, जिससे शरीर बीमारियों से लड़ने की क्षमता खो देता है। उन्होंने कहा कि कुछ महत्वपूर्ण एहतियाती उपायों को अपनाकर इस बीमारी से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि एक रिपोर्ट के अनुसार, इस समय पूरे भारत में एड्स के कुल 1.95 लाख मरीज हैं।
इस संख्या को भविष्य में और भी कम किया जा सकता है, जिसके लिए युवाओं में जागरूकता फैलाना बहुत जरूरी है। अपनी संस्था का परिचय देते हुए उन्होंने कहा कि Uttar Pradesh State AIDS Control Society (UPSACS) एक सरकारी संस्था है जो उत्तर प्रदेश में एचआईवी/एड्स की रोकथाम और नियंत्रण के लिए काम करती है। इसे राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के तहत नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (NACO) से फंडिंग और मार्गदर्शन मिलता है। इस सोसायटी का मुख्य उद्देश्य एचआईवी के प्रसार को रोकना और एचआईवी के साथ रहने वाले लोगों की देखभाल और इलाज सुनिश्चित करना है।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के उप निदेशक अरिंदम सिंह ने इस अवसर पर रेड एफएम द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में कहा कि हम उन सभी उपायों पर काम करते हैं जिनके माध्यम से एड्स के प्रसार को ज्यादा से ज्यादा रोका जा सके। हम आम नागरिकों से लेकर गांवों और ट्रांसजेंडर समुदाय में भी जागरूकता का काम करते हैं। एड्स के खिलाफ जागरूकता अभियान के लिए स्कूल और कॉलेज के छात्र हमारी पहली पसंद हैं। हमारी संस्था राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न अस्पतालों और केंद्रों में एचआईवी परीक्षण और परामर्श की सुविधाएं प्रदान करती है और एड्स की रोकथाम में हर संभव मदद करती है।
प्राचार्य प्रो० नसीम अहमद खान ने बताई कार्यक्रम की महत्ता
इससे पहले, मुमताज़ पीजी कॉलेज( Mumtaz Post Graduate College, Lucknow) के प्राचार्य प्रो० नसीम अहमद खान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और छात्रों से उनका परिचय कराया। उन्होंने कार्यक्रम के विषय की महत्ता को स्पष्ट करते हुए कहा कि यह हमारा परम कर्त्तव्य है कि हम इस संक्रामक रोग के खिलाफ जागरूक हों और इसे फैलने से रोकें। उन्होंने बताया कि यह एक बहुत गलत धारणा है कि यह रोग केवल एक-दूसरे को छूने से फैल सकती है। यह पूरी तरह से भ्रामक है। हमें न केवल इन गलतफहमियों को दूर करना है, बल्कि कुछ सावधानियां का पालन करके आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि हमें इस बीमारी से डरना नहीं चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध रेडियो जॉकी आरजे मोहन ने किया। छात्रों के लिए 25 सवालों पर आधारित एड्स से संबंधित क्विज का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और एड्स के प्रति अपनी समझ का परिचय दिया।
Uttar Pradesh State AIDS Control Society (UPSACS) : इस अवसर पर एक ओपन माइक सत्र भी हुआ, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के संवाद सत्र में कॉलेज ( Mumtaz Post Graduate College, Lucknow ) के चयनित छात्र-छात्राओं मे निदा, आलिया बानो, उमैर अंसारी, गुलफ्शां और कैफिया से इस विषय पर महत्वपूर्ण बातचीत की गई। रेड एफएम की ओर से इन छात्र छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मोहम्मद हबीब, समन्वयक डॉ. यासिर अंसारी और रूमी फारुकी, रेड एफएम से जनाब तौकीर, आर जे आर्ची, मिस पूजा के अलावा कॉलेज के सभी शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं मौजूद रहे । अंत में, कॉलेज ( Mumtaz Post Graduate College, Lucknow ) के प्रिंसिपल प्रोफ़ेसर नसीम अहमद खान ने सभी अतिथियों व उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया।
