
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ में हैं। चुनावी रणनीति का जायजा लेने पहुंचे गृहमंत्री शाह ने विपक्षियों पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद कुछ लोग नए कपड़े पहनकर आ गए हैं लेकिन मुगलकाल से लेकर वर्ष 2017 तक उत्तर प्रदेश की पहचान मिटा दी गई। अब योगी सरकार ने पुन: पहचान दिलाई। माफिया तो दूरबीन से देखने पर भी नजर नहीं आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गृहमंत्री अमित शाह के कुशल नेतृत्व में ही पिछला यूपी विधानसभा चुनाव लड़ा गया था और तब भाजपा ने बहुमत पाकर सरकार बनाई। अगले साल २०२२ में फिर विधानसभा चुनाव होने जा रहा है और अमित शाह गृहमंत्री हैं लेकिन उनकी चुनावी रणनीति, प्रबंधन और राजनीतिक कौशल उत्तर प्रदेश को पुन: बहुमत दिलाने में कारगर होगा। इसलिए पार्टी नेतृत्व इस ओर विशेष ध्यान दे रहा है। लखनऊ प्रवास पर पहुंचे अमित शाह ने वैसे तो सदस्यता अभियान की शुरुआत करने आए हैं लेकिन उनकी नजरें चुनावी प्रबंधन की अब तक तैयारियोंं पर हैं और आगे की रणनीति पर भी हैं। लखनऊ में डिफेंस एक्सपो मैदान में सदस्यता अभियान का प्रारंभ करने के बाद गृहमंत्री शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं में उत्साह को देखते हुए उन्होंने स्वयं नारे भी लगवाए।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने कहा कि पार्टी की नीतियों पर चर्चा करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। धारा 370 हटाने से लेकर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की विस्तार से चर्चा की। विपक्ष पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि पांच साल विपक्ष कहां था ? अब चुनाव आ गए हैं तो फिर नए कपड़े सिलाकर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले हर जिले में 2-3 माफिया होते थे लेकिन अब योगी सरकार में ऐसी स्थिति है कि दूरबीन से ढूंढने पर भी माफिया नजर नहीं आ रहे हैं। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश को उसकी पहचान वापस दिलाई है। उन्होंने योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया और कहा कि फिर पूर्ण बहुमत सरकार बनने जा रही है। केंद्रीय गृहमंत्री आज दिन भर पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और पार्टी पदाधिकारियों से भी चर्चा करेंगे।
सीएम योगी ने किया स्वागत
इसके पहले लखनऊ आगमन पर हवाई अड्डे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों ने भव्य स्वागत किया। भाजपा ने गृहमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए लखनऊ को भाजपा के रंग मेंरंग दिया है और कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी उत्साह नजर आ रहा है।
